कैलाश मानसरोवर से दर्शन कर लौटते समय नेपाल-चीन सीमा पर स्थित हिल्सा बॉर्डर (नेपाल) में अयोध्या के आठ श्रद्धालु फंसे हुए हैं। नेपाल में जारी बवाल के कारण वे भारत लौटने में असमर्थ हैं। इस स्थिति को देखते हुए गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अयोध्या के सांसद ने संज्ञान लिया है।
विधायक अभय सिंह ने अपने पत्र में भारत सरकार से अपील की है कि नेपाल में फंसे इन श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों को निर्देशित करने की भी मांग की है।
वहीं, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री और गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि वे खुद गृह मंत्रालय से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के प्रयास करेंगे।