सीएम योगी प्रयागराज में करेंगे गंगा पूजन, लखनऊ में रूट डायवर्जन।


       
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज दौरे पर जाएंगे। वह वहां संगम पर गंगा पूजन कर तीन जनवरी 2026 से शुरू हो रहे माघ मेला की कुशलता के लिए आशीष मांगेंगे। सीएम के गंगा पूजन और हनुमान मंदिर दर्शन की तैयारियों को प्रशासनिक अफसरों ने शुक्रवार को अंतिम रूप दिया। पहले संगम नोज पर जेटी बनाने की तैयारी थी, लेकिन शाम तक दलदल पाटने और समतलीकरण की तैयारियां चलती रहीं। जिसके बाद यह तय हुआ कि मुख्यमंत्री पहले वीआईपी घाट आएंगे, जहां से मोटर बोट से संगम की बीच धारा में फ्लोटिंग जेटी जाएंगे। पूजन फ्लोटिंग जेटी पर ही होगा। पूजन के बाद वापस इसी मार्ग से वह वीआईपी घाट आएंगे। हनुमान मंदिर दर्शन कर मेला क्षेत्र का निरीक्षण और फिर मेला प्राधिकरण दफ्तर में मेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उधर, आज लखनऊ में स्मृति उपवन तिराहा से रूट डायवर्जन रहेगा। आशियाना स्थित श्री कांशीराम सांस्कृतिक स्थल (स्मृति उपवन) में आयोजित ‘हिंदुस्तान हस्त शिल्प महोत्सव’ के दौरान शनिवार को दोपहर 2 बजे रैपर हनी सिंह का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इस दौरान भीड़ की संभावना को देखते हुए रूट डायवर्जन रहेगा। आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क करने पर प्रतिबंधित मार्गों पर भी अनुमति दी जाएगी। स्मृति उपवन तिराहा से चांसलर क्लब तिराहा और स्मृति उपवन तिराहा से बिजली पासी किला चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बंगला बाजार चौराहा (रामकथा पार्क मोड़/तिराहा) से बिजली पासी किला की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह ट्रैफिक रामकथा पार्क के सामने से होते हुए, आशियाना चौराहा और पावर हाउस चौराहा से अपने गंतव्य को जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने