बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी पुरम मोहल्ले में शनिवार देर रात आकाशीय बिजली गिरी। तेज गर्जना और चमक के साथ यह बिजली एक विशाल पेड़ पर गिरी, जिससे पेड़ क्षतिग्रस्त हो गया। इसका असर आसपास के दर्जनों घरों पर पड़ा।
स्थानीय निवासी शिवानी वर्मा ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा जैसे कोई बड़ा विस्फोट हुआ हो। इस घटना से मोहल्ले के कई घरों की बिजली वायरिंग प्रभावित हुई।
बिजली गिरने के परिणामस्वरूप, दर्जनों घरों के बिजली मीटर, एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और इनवर्टर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। कई घरों में बिजली बोर्ड से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आग लगने का खतरा उत्पन्न हो गया।
घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मोहल्ला निवासी संजय रस्तोगी ने बताया कि तेज धमाके से उनका परिवार घबरा गया। श्वेता वर्मा ने जानकारी दी कि उनके घर के सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बिजली का मीटर जल गए हैं, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। बच्चों में भी भय व्याप्त हो गया है।
Tags
आकाशीय बिजली गिरी।