बाराबंकी। चारागाह, खाद गड्ढा और कृषि स्टोर की सरकारी भूमि पर कब्जा कर बने मकानों को हटाने का आदेश हुआ है। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने (बेदखली) आदेश के बाद हड़कंप मच गया है। 12 लोगों को अवैध कब्जेदार बतातें हुए राजस्व प्रशासन ने नोटिस सौंपी है। पंद्रह दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए हैं। उधर न्यायालय में विचाराधीन करीब 40 से अधिक मामलों में लोगों में खलबली मच गई है।
मंगलवार की दोपहर पुलिस फोर्स के साथ राजस्व प्रशासन मथुरानगर पहुंचा। यहां पर भिटरिया दरियाबाद मार्ग के किनारे राजस्व अभिलेखों में स्थित चारागाह, खाद गड्ढा, कृषि स्टोर की भूमि पर कब्जा कर बनाएं गए मकानस्वामियों को बेदखली नोटिस दी गई। लेखपाल ने अब्बास अली, निसार अहमद, बृजेश, शकील, संतोष, सलीम के दो, परशुराम, एखलाक अहमद, रमजान अली समेत 12 कब्जेदारों को राजस्व टीम ने नोटिस दी है। बेदखली आदेश सौंपते हुए सभी कब्जेदारों को पंद्रह दिन का समय दिया गया है।
कहा गया है कि पंद्रह दिन के अंदर अतिक्रमण खुद हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो राजस्व प्रशासन बल पूर्वक अतिक्रमण हटाएगा। नोटिस मिलते ही लोगों में हड़कंप मच गया है। लेखपाल अश्वनी मिश्र ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय से 12 लोगों को बेदखली आदेश हुआ है। सरकारी भूमि पर काबिज लोगों को पंद्रह दिन का वक्त दिया गया है। करीब 40 से अधिक और लोगों के मामलें विचाराधीन हैं। तहसीलदार शशांकनाथ उपाध्याय ने बताया कि आदेश पारित किया गया है।