बाराबंकी। 70 किलोमीटर लंबी शारदा सहायक डबल नहर दरियाबाद शाखा के अब दिन बहुरेंगे। नहर की खोदाई करने के साथ ही पटरियों का सुदृढ़ीकरण होगा और क्षतिग्रस्त पुलों के स्थान पर नए चौड़े पुलों का निर्माण करवाया जाना तय हो गया है। लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से नहरों व रजबहों के तटबंधों की मरम्मत और पुल बनाए जाएंगे।
शारदा सहायक नहर किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन है। सरयू नदी से पानी लेकर कृषि क्षेत्र को सिंचित करती है। इस पर जर्जर हो चुके पांच नए पुलों का निर्माण होगा। 22.34 करोड़ की लागत से पांच नए पुल बनेंगे। रसौली के पास नहर में किलोमीटर 5.245 पर बने पुल को चौड़ा किया जाएगा।
नए पुल बनने से पांच लाख से अधिक लोगों का सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं विकास को भी गति मिलेगी। अब ट्रैक्टर ट्राली सहित भार वाहन भी नहर पार कर आवागमन कर सकेंगे। इससे सबसे अधिक सहूलियत किसानों को होगी। उनका समय कम खर्च होगा।
सहायक अभियंता ओम प्रकाश ने बताया कि इसी वित्तीय वर्ष में बजट मिलते ही पुलों का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि कार्ययोजना को स्वीकृति मिली है। प्रमुख अभियंता परियोजना की निगरानी में निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन कार्य योजनाओं से किसानों को लाभ मिलेगा और टेल तक पानी पहुंचेगा।