कानपुर। गंगा नदी पर कई वर्षों से बनने वाले ट्रांसगंगा सिटी पुल का टेंडर गुरुवार को फाइनल हो गया। आगरा की पीएनसी इन्फ्राटेक लिमिटेड और हरियाणा की एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड 500.50 करोड़ से पुल का निर्माण करेंगी।
वहीं भूमि अधिग्रहण सहित पुल निर्माण की कुल लागत 753 करोड़ रुपये है। यह वाई-आकार का पुल रानीघाट और धोबी घाट से सीधे उन्नाव स्थित ट्रांसगंगा सिटी के गेट नंबर दो पास उतरेगा। सेतु निगम ने नगर निगम से भैरोघाट और धोबीघाट पर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। दोनों घाटों पर भूमि अधिग्रहण के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
करीब चार किलोमीटर लंबे इस पुल में 1825 मीटर हिस्सा गंगा नदी के ऊपर बनेगा। पुल की शुरुआत रानीघाट स्थित जलकल पंपिंग स्टेशन से होकर धोबीघाट तक होगी। इसके बाद मार्ग सीधे उन्नाव स्थित ट्रांसगंगा सिटी के गेट नंबर दो के पास जाकर जुड़ेगा। दोनों ओर से आने वाले मार्ग आगे चलकर फोरलेन सड़क में तब्दील होंगे। पुल बनने के बाद वीआइपी रोड से ट्रांसगंगा सिटी पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।