गोरखपुर। महानगर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त और हाईटेक बनाने के लिए नगर विकास विभाग के स्थानीय निकाय निदेशालय ने एक बड़ी योजना तैयार की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत गोरखपुर शहर में कुल 150 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के सुचारू संचालन, चार्जिंग और रखरखाव के लिए शहर में एक आधुनिक बस अड्डे (बस डिपो) का निर्माण होगा।
इस पूरी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से नगर निगम से एकमुश्त पांच एकड़ भूमि की मांग की गई थी। इस मांग के बाद नगर निगम प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। नगर आयुक्त के निर्देश पर भूमि की खोजबीन शुरू कर दी गई है। जमीन के निरीक्षण की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार को सौंपी गई।