सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से कथा संपन्न कराने के निर्देश, बोले— सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता।



उन्नाव। जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जयप्रकाश सिंह की उपस्थिति में तहसील बीघापुर के गौरी ग्राम सभा परिसर में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली शिव पुराण महाकथा के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और आयोजकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थल, हेलीपैड, मुख्य मंच, भोजन व्यवस्था, शौचालय, मेडिकल शिविर, विद्युत सुरक्षा, वीआईपी गैलरी, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, निर्बाध आवागमन और सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि मंच, हेलीपैड और पार्किंग की व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूरी कर ली जाएं। मेडिकल शिविर समय से स्थापित किया जाए तथा वहां आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विद्युत सुरक्षा के संबंध में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्युत लाइनों की जांच कराई जाए और कहीं भी खुले या नंगे तार न रहें।

जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में शौचालय बनवाने तथा साफ-सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की ठोस रणनीति तैयार की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं तथा आयोजन के दौरान लगातार निगरानी की जाए, जिससे शिव पुराण महाकथा का आयोजन सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की भी मांग की गई है। आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सुशील कुमार गोंड, उप जिलाधिकारी बीघापुर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कथा आयोजक श्री अरुण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने