प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक 4 वर्ष पूरे होने पर हुआ भव्य कार्यक्रम
बलिया। प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक 4 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बहुउद्देशीय सेवा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सरकार की ओर से आम जनमानस की सुविधा के लिए कराए गए विभिन्न कार्यों को सबके बीच साझा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, आवास एवं विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी, भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता व अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद किसानों को ऋण माफी, फसल बीमा प्रतिपूर्ति, घर-घर बिजली, निःशुल्क कनेक्शन जैसे सराहनीय कार्य किए गए। गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए 40 लाख से अधिक आवास निर्माण कराया गया, जबकि 72 हजार से अधिक की स्वीकृति होनी है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर वृद्ध होने तक की सुविधा को ध्यान में रख केंद्र में नरेंद्र मोदी व प्रदेश की योगी सरकार ने काम किया। ये दोनों किसी देवपुरुष से कम नहीं। नजीतन यह स्पष्ट दिख रहा है कि अब रावण राज्य समाप्त हो गया है, रामराज कायम हो रहा है। भय से अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने घर-घर शौचालय देकर महिलाओं को सम्मान तथा आर्थिक रूप कमजोर परिवार को पक्का छत, रसोई के लिए गैस कनेक्शन देकर बड़ी राहत दी है। पारदर्शी तरीके से लाखों सरकारी नौकरी दी गई। जिसने मेहनत की उसे नौकरी मिली। मुख्यमंत्री जी कोरोना काल में भी बिना भय के लगातार कर्तव्यनिष्ठा व आम जनता के प्रति समर्पित होकर काम करते रहे। अंत में उन्होंने मोदी-योगी सरकार का धन्यवाद देते हुए इसी तरह गरीबों का भला करते रहने की कामना की।
विशिष्ट अतिथि अश्विनी त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के जरिए देश को शौचमुक्त बनाया गया। प्रदेश को चार एक्सप्रेस वे, 30 मेडिकल कालेज, पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिली प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी गोरखपुर अनूप गुप्ता ने कहा कि गांव का गरीब सपना देखता है कि उसका लड़का पढ़कर कुछ बन जाए। उस सपने को पूरा करने के लिए सरकार ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। जिस तरह विद्यालयों का कायाकल्प कराया, उसी तरह गांवों का भी कायाकल्प कराएगी।
विकास पुस्तिका का हुआ विमोचन
यूपी सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित विधान सभावार विकास पुस्तिका का विमोचन हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गुलाब देवी, आवास एवं विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी, भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, विधायक सुरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, डीएम अदिति सिंह, एसपी डॉ विपिन ताडा, सीडीओ प्रवीण वर्मा ने किया।

