मिल्कीपुर-अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के डीहभरथी गांव में बिजली की शार्टसर्किट के कारण लगी आग से तीन दलित परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। बताया गया कि डीहभरथी गांव में सुबह करीब 9 बजे शार्टसर्किट की वजह से आग लग गयी। जिसमें राम प्रसाद पुत्र हंसराज का आवासीय घर जलकर राख हो गया। जिसके चलते परिवार दाने दाने को मोहताज हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान रामप्रसाद का हुआ है।
रामप्रसाद का अनाज, घर गृहस्थी बसाने का सामान आग की भेंट चढ़ गया है। रामप्रसाद ने बकरी बेंचकर रुपये घर में रखा था, वह भी आग की भेंट चढ़ गया है।
आग लगने से दलित राजकुमार पुत्र छबिलाल एवं रामजगत पुत्र रामबक्श का भी छप्पर जल जाने से नुकसान हुआ है। आग पर ग्रामीणों एवं फायरब्रिगेड की मदद से काबू पाया जा सका है।
चौकी प्रभारी राम अवतार राम के अनुसार आग लगने से तीन घरों का आवासीय छप्पर जल गया है और घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दी जा चुकी है। जिससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद मिल सके।