अयोध्या।अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी का दायित्व संभालने के साथ ही प्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है । प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में हिन्दू महासभा का जनाधार मजबूत बनाने के लिए अपने पदाधिकारियों के साथ आज से दौरा आरम्भ कर दिया है । कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान का श्रीगणेश अयोध्या से किया गया है। हिन्दू महासभा जिला अयोध्या के अध्यक्ष राकेश दत्त मिश्र ने आज जारी बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि ऋषि त्रिवेदी आज अपने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ लखनऊ से अयोध्या पहुंचे । अयोध्या में उन्होंने जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चुनाव की तैयारियों संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिया ।
प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 ऐतिहासिक होगा । हिंदू महासभा 50 से अधिक सीटें जीतकर नई सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी । उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज और चुनाव प्रभारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में हिन्दू महासभा प्रदेश की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी । राकेश दत्त मिश्र ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी अयोध्या में जनसंपर्क के बाद अम्बेडकर नगर के लिए प्रस्थान किया । अम्बेडकर नगर से आज़मगढ़ होते हुए बलिया जाएंगे और रात्रि विश्राम के बाद पूर्वांचल के अन्य जिलों का दौरा करेंगे । अयोध्या बैठक में लखनऊ से आये पदाधिकारियों में प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी,प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी,प्रदेश कार्यालय मंत्री सुनील तिवारी,हिन्दू विद्यार्थी सभा अध्यक्ष अंशुमान त्रिवेदी,प्रमोद त्रिवेदी के अलावा जनपद अयोध्या से प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह उर्फ बजरंग सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हिन्दू महिला सभा बबिता यादव,महामंत्री आरती यादव,प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा श्रीवास्तव,कोषाध्यक्ष मंजू कुमारी,जिलाध्यक्ष हिन्दू महिला सभा अयोध्या रजनी सिंह,जिला महामंत्री रेनू सिंह, जिला महामंत्री भानु प्रताप सिंह,वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रामधन निषाद प्रधान जी,जिला उपाध्यक्ष कौशलेंद्र सोलंकी एडवोकेट,जिला संगठन मंत्री हेमंत निषाद,जिला मंत्री राहुल निषाद फौजी,महानगर अध्यक्ष अयोध्या मुकेश निषाद रेड्डी, सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और ऋषि त्रिवेदी का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया ।
