अयोध्या। आंगनबाड़ी केंद्रों में नौकरी करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर आई है।आंगनबाड़ी में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवार इन नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न जिलों के लिए आंगनबाड़ी सेविका, मिनी आंगनबाड़ी सेविका और आंगनबाड़ी सहायक के पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। सभी जिलों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग है। इसके लिए अपने जिलों का विज्ञापन को देखना होगा। आवेदन के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा विभिन्न जिलों के लिए एक ही कॉमन अप्लीकेशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। हालांकि, उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि विभिन्न जिलों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आंगनबाड़ी सहायिकाओं की रिक्तियों के लिए आवेदन करने लिए संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) द्वारा विज्ञापन अलग-अलग जारी किये जा रहे हैं। सभी विज्ञापित जिलों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख भी अलग-अलग है, जो कि 3 जुलाई 2021 तक है।
किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार इस आधिकारिक लिंक पर balvikasup.gov.in विजिट कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के आईसीडीएस द्वारा भर्ती विज्ञापनों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में मिनी वर्कर व वर्कर पदों के लिए उम्मीदवारों को कम से कम 10वीं (हाई स्कूल) पास होना चाहिए, जबकि आंगनबाड़ी हेल्पर के लिए न्यूनतम उम्मीदवार को 5वीं पास होना चाहिए। साथ ही, वर्कर पदों के लिए आयु सीमा 21 वर्ष से 45 वर्ष निर्धारित की गयी है और हेल्पर के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष है। इच्छुक व योग्य उम्मीदवार आवेदन के लिए विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट, balvikasup.gov.in पर विजिट करने के बाद भर्ती सेक्शन में जाना होगा। इसके बाद अप्लीकेशन फॉर्म के लिंक पर क्लिक करना होगा। उम्मीदवारों को फिर नये पेज पर दिये गए आवेदन संबंधी निर्देशों को पहले ध्यान से पढ़ लेना चाहिए और फिर सहमति के लिंक पर क्लिक करते हुए अपने निवास के ब्लॉक और फिर ग्राम सभा (ग्रामीण) या वार्ड (शहरी) और अंत में फिर पद के नाम का चयन होगा। इसके बाद उम्मीदवार नए पेज पर मांगे गए आवेदन से संबंधित विवरणों को भरकर अपना आवेदन ऑनलाइन भर पाएंगे।
