38 हजार से ज्यादा आए आवेदन, लेट फीस संग अभी जारी है फॉर्म भरना।
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नए सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 60 से ज्यादा स्नातक और स्नातकोत्तर विषयों में कुल 38460 आवेदन आए हैं। खास बात यह कि डेढ़ दर्जन कोर्स ऐसे हैं जिनमें लड़कियों के आवेदन लड़कों से काफी ज्यादा हैं।काशी विद्यापीठ में कला, मानविकी, समाजशास्त्र, वाणिज्य एवं प्रबंध शास्त्र, गांधियन अध्ययन, दृश्यकला एवं मंचकला संकायों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की होड़ है। इसके अलावा पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। कुल 38460 आवेदनों में से 29475 ने आवेदन शुल्क जमा कर दिया है जबकि बाकी विलंब शुल्क के साथ जमा कर रहे हैं। आवेदनों के ट्रेंड बताते हैं कि बायोलॉजी, चित्रकला और साइकोलॉजी जैसे परंपरागत विषयों में लड़कियों की संख्या ज्यादा है ही। इसके साथ ही गणित, अर्थशास्त्र और फिलॉसोफी जैसे विषयों में भी छात्राओं के ज्यादा आवेदन आए हैं।
गंगापुर और एनटीपीसी परिसरों में भी ऐसे रुझान देखने को मिले हैं। काशी विद्यापीठ में इस समय कुलसचिव और कुलानुशासक के पदों पर महिलाएं हैं। पाठ्यक्रमों में छात्राओं के आवेदन बढ़ने को परिसर की छवि और शैक्षणिक व्यवस्था के लिए सुखद संकेत माना जा रहा है।
*