अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारी व उद्यमियों की समस्याओं तथा उनकी सुरक्षा विषयक प्रकरणों के त्वरित निस्तारण कराए जाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय व्यापार बन्धु की बैठक कर उनके समस्याओं व सुरक्षा विषयक प्रकरणों पर चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापारी बंधुओं की समस्याओं का सुगमता के साथ त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराने के निर्देश दिए बैठक में जिलाधिकारी ने रामपथ के चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों/दुकानदारों की समस्याओं/शंकाओं को गंभीरतापूर्वक एक-एक करके सुना तथा उनकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया तथा उनकी समस्याओं को निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 02 जनवरी 2023 से 15 जनवरी 2023 तक तुलसी उद्यान, अयोध्या में राम पथ व भक्ति पथ के चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों/भूस्वामियों की समस्याओं/शंकाओं के समाधान व निराकरण हेतु कैंप लगाया जाएगा जिसमें सभी संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों द्वारा भक्ति पथ व राम पथ के चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण से संबंधित दुकानदारों व भूस्वामियों की समस्याओं/शंकाओं को सुनकर उनका समाधान/निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर
जिलाधिकारी द्वारा अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं/ पर्यटकों की नियमित बढ़ती संख्या व उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अयोध्या को एक विश्व स्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के दृष्टिगत राम पथ, भक्ति पथ, राम जन्म भूमि पथ तथा धर्म पथ को स्मार्ट रोड के रूप में बनाने व उसमें उपलब्ध होने वाली आधुनिक सुविधाओं की विस्तत जानकारी भी दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी रामपथ व भक्ति पथ के दोनों तरफ के दुकानदारों मकान मालिकों से मार्ग की निर्धारित चौड़ाई के बाहर ही अर्थात अपनी भूमि में ही छज्जा व सीढ़ी बनाने/निकालने के निर्देश दिए। इस अवसर पर व्यापारियों द्वारा नगर पालिका परिषद रुदौली में मार्गों को खोदकर सीवर लाइन डालकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से मार्गो को न बनाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर निकाय इकाई जल निगम उत्तर प्रदेश को 15 दिनों के भीतर सभी मार्गों का गुणवत्ता पूर्ण ढंग से मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एडीएम नगर सलिल कुमार पटेल, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर वीरेंद्र नारायण वर्मा, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर आलोक कुमार, डीएसओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।