दूधिया रोशनी से जगमग होंगी रामनगरी की गलियां

     अयोध्या। राममंदिर निर्माण के साथ ही पूरी अयोध्या का कायाकल्प हो रहा है। वेैदिक सिटी की परिकल्पना के अनुरूप रामनगरी में विकास कार्य चल रहे हैं। मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को रामनगरी का नया रंग-रूप देखने को मिलेगा। इसी क्रम में अयोध्या की गलियों को भी दूधिया रोशनी से जगमग करने की तैयारी है। 73 करोड़ से यह योजना साकार रूप लेगी। पहली किस्त के रूप में 29 करोड़ आवंटित हो चुके हैं। योजना के क्रियान्यवन के लिए टेंडर निकाला जा चुका है।
       अयोध्या नगर निगम के आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि पूरी अयोध्या को सजाया-संवारा जा रहा है। हजारों करोड़ की योजनाएं तेजी से आकार ले रही हैं। अयोध्या में करीब आठ हजार मठ-मंदिर हैं, जिनमें हर दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में इन मठ-मंदिरों की ओर जाने वाली गलियों को भी चमकाने की तैयारी की जा रही है। इन गलियों को दूधिया रोशनी व फैंसी लाइटों से रोशन किया जाएगा। मठ-मंदिरों के आसपास के स्थान लाइटें लगाने के लिए जगह चुने जा रहे हैं ताकि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु आकर्षित हों।

       विशाल सिंह ने बताया कि इस योजना के मद में 73 करोड़ कर स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। नगर निगम को इसके लिए पहली किस्त 29 करोड़ की राशि आवंटित भी की जा चुकी है। बताया गया कि योजना के स्वीकृति के बाद ही नगर निगम ने टेंडर निर्गत कर दिया है। इस योजना के लिए चयनित एजेंसी को ही पांच साल तक अनुरक्षण के लिए अनुबंधित किया जाएगा। इस अनुबंध में पेनाल्टी का भी क्लाज शामिल किया गया है। यदि लाइटों में गड़बड़ी की सूचना के बाद एजेंसी की ओर से त्वरित एक्शन लेकर ठीक नहीं कराया गया तो फिर एजेंसी को पेनाल्टी का भुगतान करना पड़ेेगा।

      

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने