अयोध्या। 22 जनवरी 24 को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लेकर पूरे देश की निगाहें अयोध्या पर टिकी रहीं। देश की कई जानी मानी हस्तियां इस भव्य समारोह में हिस्सा लिया जोअयोध्या के एयरपोर्ट पर उतरीं।
दिसंबर 2023 से पहले हवाई मार्ग से सीधा अयोध्या पहुंचने के लिए कोई भी हवाई साधन नहीं था। अयोध्या जाने के लिए पहले लोगों को लखनऊ एयरपोर्ट जाना पड़ता था। वहां से सड़क मार्ग के जरिए ही अयोध्या पहुंचा जाता था, लेकिन सोमवार को तमाम हवाई जहाज सीधे अयोध्या पहुंचे।
अयोध्या एयरपोर्ट के नाम पहला रिकॉर्ड यह है कि इसे बहुत कम समय में तैयार किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संजीव कुमार के अनुसार, अयोध्या हवाई अड्डे को 20 महीने के रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया है। एएआई ने 2022 के अप्रैल में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। प्रदेश सरकार की ओर से अयोध्या हवाई अड्डे के लिए 821 एकड़ जमीन मुहैया कराई गई थी। हालांकि अभी बनाया गया टर्मिनल छोटा है, मगर भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। यह हवाई अड्डा अयोध्या शहर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर है। अयोध्या एयरपोर्ट का पहला चरण 1450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है।
अब इस एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद से फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। इस एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 दिसंबर को हुआ था और 17 दिन में चारों शहरों के लिए फ्लाइट शुरू हो चुकी थीं। इतनी जल्दी चार शहरों के लिए फ्लाइट शुरू होना अपने आप में रिकार्ड है। इसके अलावा इस अयोध्या एयरपोर्ट से खास बात यह भी जुड़ गई है कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन कई नामी ग्रामी हस्तियां इस एयरपोर्ट पर उतरीं।
बड़ी - बड़ी हस्तियां पहंची अयोध्या
प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पहले ही कई वीवीआईपी गेस्ट अयोध्या पहुंचे। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री रविशंकर, मोरारी बापू, योग गुरु रामदेव, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कथावाचक और कवि कुमार विश्वास तथा कई विशिष्ट लोग पहुंचे।
बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत, रजनीकांत, पवन कल्याण भी अयोध्या पहुंचे। सोनू निगम भी राम नगरी में पहुंचे। अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, रणवीर कपूर, अनुपम खेर, कटरीना कैफ समेत तमाम दिग्गज फिल्मी कलाकार इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी , उद्योगपति अनिल अंबानी श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में पहुंचे। बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला, वेदांता समूह के अनिल अग्रवाल और रेमंड समूह के मुखिया अनिल सिंघानिया भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। 500 से अधिक अतिथियों की सूची में भारतीय उद्योगजगत के जाने-माने दिग्गजों के अलावा मनोरंजन, खेल, संगीत और अन्य क्षेत्रों की हस्तियों भी आईं।