टनकपुर।रेलवे प्रशासन द्वारा 21 मार्च को रेलवे स्टेशन परिसर टनकपुर में अतिक्रमण हटाया जाएगा। रेलवे ने कुछ समय पहले पांच लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था। तय अवधि में अतिक्रमण नहीं हटने पर अब रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। इधर वार्ड नंबर तीन और चार के लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
इज्जतनगर बरेली रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर मेंर पांच लोगों की ओर से अतिक्रमण किया गया है। यह मामला राज्य संपदा अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे के अधीन पीपीई एक्ट 1971 के तहत विचाराधीन था। यह भूमि भू राजस्व अभिलेख खतौनी मोहल्ला टनकपुर रेलवे के नाम दर्ज है।
उन्होंने बताया कि राज्य संपदा अधिकारी न्यायालय ने 29 फरवरी को 15 दिन के भीतर रेलवे भूमि से अतिक्रतमण हटाने का आदेश पारित किया था। उन्होंने बताया कि 21 मार्च को पांच स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इधर सोमवार को रेलवे के सीनियर सेक्शन अधिकारी पीलीभीत नेहरू लाल मीणा के नेतृत्व में रेलवे के कर्मचारियों ने डुगडुगी से अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए।