अयोध्या। सावन करीब आते ही राम मंदिर में वीआईपी दर्शन के लिए अब भीड़ बढ़ रही है। आरती के लिए भी लंबी लाइन लगी है। इस समय ऑनलाइन बनने वाला रामलला के वीआईपी दर्शन व आरती पास का स्लॉट 16 जुलाई तक फुल हो गया है। अब 17 जुलाई को ही ऑनलाइन पास उपलब्ध हो सकता है।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन हो सके, इसके लिए वीआईपी पास भी जारी किए जाते हैं। रोजाना ऑनलाइन करीब 300 पास जारी किए जाते हैं। जबकि ऑफलाइन करीब 2500 पास जारी करने की व्यवस्था है। दर्शन के लिए सात स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
पास जारी करने के लिए ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र व मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ही अधिकृत हैं। इसके अलावा प्रशासन को भी पास जारी करता है। पास केवल अधिकृत व्यक्तियों की ओर से जारी किए जाते हैं। किसी होटल, धर्मशाला, गाइड की ओर से यदि पास किसी श्रद्धालु को दिए जाते हैं तो वह फर्जी हो सकता है।
सुगम दर्शन व विशिष्ट दर्शन पास, आरती पास ट्रस्ट की बेवसाइट srjbtkshetra.org पर जाकर ऑनलाइन बुक किया जा सकता है। एक पास पर आठ लोगों को दर्शन के लिए जाने की अनुमति होती है। दर्शन के लिए सभी लोगों के पास आधार कार्ड होना आवश्यक है। स्लॉट के निर्धारित समय से पहले निर्धारित प्रवेश द्वार पर पहुंचना होता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।