गोण्डा: 42 पंचायत सहायकों की संविदा समाप्त करने संस्तुति।


          गोण्डा।  पंचायत सहायकों की लगातार लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिवालयों में तैनात पंचायत सहायकों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पिछले तीन माह से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले भिन्न भिन्न छह विकास खंडों के 42 पंचायत सहायकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शासन स्तर पर हुई समीक्षा के बाद डीपीआरओ कार्यालय ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को शासनादेश के तहत नियमानुसार कार्रवाई कर संविदा समाप्ति की संस्तुति भेजने के निर्देश दिए हैं।
         DPRO कार्यालय से जारी सूची के अनुसार झंझरी ब्लॉक के सर्वाधिक 13 पंचायत सहायक कार्रवाई की जद में हैं। इनमें अनन्या चतुर्वेदी (बहलोलपुर), अंजुम खातून (चिश्तीपुर), रुचि शुक्ला (फिरोजपुर तरहर), अर्पणा सिंह (रुद्रपुर बिसेन) और अरुण कुमार (बिशुनागा) सहित अन्य शामिल हैं। वहीं इटियाथोक ब्लॉक के 11 पंचायत सहायकों में ज्योति प्रजापति (बसंतपुर राजा), प्रतीक्षा शुक्ला (बिरमापुर), हर्षिता त्रिपाठी (जानकी नगर), नूर सबा खान (नारी महरीपुर) और धनंजय शुक्ला (सीर बनकट) के नाम प्रमुख हैं। इसी तरह करनैलगंज ब्लॉक से विष्णु ओझा (बरतरा), शिवांगी श्रीवास्तव (चकरौत), अर्पिता सिंह (मुंडेरवा) और प्रिया सिंह (रामगढ़) सहित सात पंचायत सहायकों की सूची जारी की गई है। बभनजोत ब्लॉक के रवि कुमार (अलाउद्दीनपुर), अमन सोनी (बभनजोत), आकाश कुमार (गौरा बुजुर्ग) और आरती वर्मा (पिपरा बारा खान) समेत छह पंचायत सहायक कार्रवाई की जद में हैं। छपिया ब्लॉक से किशुन यादव (बसदेवपुर), अंकिता मिश्रा (खम्हरिया बुजुर्ग) सहित चार और बेलसर ब्लॉक की धनईपट्टी ग्राम पंचायत के तरुण चंद्र का नाम भी सूची में शामिल है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पंचायत सहायकों की नियमित ऑनलाइन उपस्थिति ग्राम पंचायत सचिवालयों के सुचारु संचालन के लिए अनिवार्य है।  इससे प्रमाण पत्र जारी करने, ऑनलाइन आवेदन, जनसेवा केंद्र आधारित कार्यों और अन्य डिजिटल सेवाओं के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
             जिले के सभी पंचायत सहायकों के लिए प्रतिदिन ऑनलाइन हाजिरी लगाना अनिवार्य है। जिन पंचायत सहायकों ने पिछले तीन माह से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की है, उनके विरुद्ध शासनादेश के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। सभी बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने