बस्ती। शहर के आरक्षी (कांस्टेबल) ने, जिन्होंने कड़ी ड्यूटी के बीच अपनी पढ़ाई को जारी रखा और सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्दी का मान बढ़ाया है।
ड्यूटी और पढ़ाई का कठिन संतुलन बनाकर सफल आरक्षियों ने कहा कि एक सिपाही के लिए कानून व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और फील्ड ड्यूटी के बीच अपनी पढ़ाई के लिए समय निकालना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।
सफल अभ्यर्थियों ने बताया कि जब शहर सो रहा होता था या लोग त्योहारों का आनंद ले रहे होते थे, तब वे अपनी ड्यूटी निभा रहे होते थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद थकान के बावजूद उन्होंने अपनी किताबों से नाता नहीं तोड़ा। छावनी थाने पर तैनात सफल आरक्षी हरिनारायन, विशाल शुक्ल, धीरज कुमार व मनीष यादव ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कभी-कभी रात भर जागना पड़ता था।
बुधवार को जैसे ही परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, इन पुलिसकर्मियों के तैनाती स्थल थानों व पुलिस चौकियों और पुलिस लाइन में जश्न का माहौल बन गया।
अपने चार साथियों को सब-इंस्पेक्टर पद पर चयनित होते देख छावनी एसएचओ राणा डीपी सिंह ने उन्हें मिठाई खिलाकर और फूल माला पहनाकर बधाई दी। चयनित आरक्षियों की आंखें गर्व से नम थीं, क्योंकि उनकी मेहनत का फल आखिरकार मिल ही गया था।