सुल्तानपुर। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से उस पर बन रहे चार पुलों का निर्माण कार्य रुक गया है। सवा अरब रुपये की लागत से तैयार हो रहे इन पुलों का काम बरसात के कारण प्रभावित हुआ है। नदी के किनारे चल रहे सभी कार्य भी बंद कर दिए गए हैं।
गोलाघाट और डेवाढ़ में पिलर निर्माण के बीच पानी बढ़ने से काम रोकना पड़ा। गुदरा घाट और मल्हीपुर के पुलों का निर्माण अंतिम चरण में था, वह भी रुक गया है। सेतु निगम शहर के गोलाघाट, कादीपुर के डेवाढ़, मल्हीपुर और गुदरा घाट पर पुल बना रहा है। गोलाघाट पर चार और डेवाढ़ में पिलर पानी के ऊपर तक बन चुके थे। निर्माण के लिए नदी में बनाया गया घेरा जलस्तर बढ़ने से बह गया। इसके बाद कार्यदायी संस्थाओं ने सभी जगहों पर काम रोक दिया। कुड़वार के निरसहिया और कादीपुर के कटसारी में प्रस्तावित पुलों का काम भी टल गया है। लंभुआ के चांदा-पट्टी मार्ग पर स्वीकृत ओवरब्रिज की शुरुआत भी स्थगित हो गई है।
जलस्तर बढ़ने से रोकना पड़ा काम
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक प्रशांत सिंह ने बताया कि बरसात में कार्यदायी संस्था नदी के किनारे काम करा रही थी। जलस्तर बढ़ने के कारण काम रोकना पड़ा है। अब जलस्तर कम होने और बारिश थमने के बाद ही काम दोबारा शुरू होने के आसार हैं। इन तीनों नई परियोजनाओं का काम भी बरसात के बाद ही शुरू होने की उम्मीद है।