जिले में सवा साल के भीतर आधा दर्जन राजस्व कर्मियों की एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तारी के बाद लेखपालों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। शनिवार को सुल्तानपुर, लंभुआ और बल्दीराय तहसील मुख्यालयों पर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने एक दिवसीय धरना देकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

सदर तहसील में धरने का नेतृत्व कर रहे लेखपालों ने आरोप लगाया कि फील्ड में कार्यरत होने के कारण उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। लेखपालों का कहना है कि जनता से सीधा संपर्क होने और विवादों का निस्तारण करने के दौरान एक पक्ष असंतुष्ट होकर दुश्मनी ठान लेता है। ऐसे में योजनाबद्ध तरीके से एंटी करप्शन टीम का इस्तेमाल कर उन्हें फंसाया जा रहा है।
एंटी करप्शन टीम पर उठाए गए सवाल
धरने के दौरान लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जांच-पड़ताल के शिकायतकर्ता से मनमाफिक बयान टाइप कराए जाते हैं और अगले ही दिन लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है। लेखपालों ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता जबरन उनकी जेब में पैसे डालकर उन्हें फंसाने का षड्यंत्र रचते हैं।