अयोध्या। दर्शननगर-अयोध्या मुख्य मार्ग व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य की गति धीमी होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।लगभग छह माह से अधिक समय से दर्शननगर-अयोध्या का मुख्य मार्ग बंद पड़ा है। दर्शननगर से अयोध्याधाम रोजाना आने-जाने वाले लोगों को तीन से चार किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में लापरवाही और धीमी गति के कारण रोजमर्रा की जिंदगी बहुत प्रभावित हो रही है। आसपास के कारोबारियों का व्यवसाय ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होने के कारण बंद हो गया है। अयोध्या धाम से दर्शननगर रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। हलकारा का पुरवा में 188 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आरओबी का निर्माण कार्य अब तक 70 फीसदी पूरा हो चुका है। वहीं दर्शननगर-अयोध्याधाम मार्ग पर बन रहे आरओबी के निर्माण का काम भी लगभग 75 फीसदी पूरा हो चुका है। दोनों आरओबी का निर्माण दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था। मार्च तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई थी, अब समय सीमा बढ़ाकर दिसंबर कर दी गई है।