मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई फैसलों पर मंजूरी दी गई। कैबिनेट बैठक में कुल 11 प्रस्ताव
रखे गए, जिसमें कैबिनेट ने 10 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। इसके तहत प्रदेश को जल्द तीन और निजी विश्वविद्यालय भी मिलेंगे। योगी सरकार ने अयोध्या में निजी क्षेत्र के तहत महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय के संचालन को मंजूरी दे दी गई है। कैबिनेट ने प्रायोजक संस्था महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट को संचालन प्राधिकार पत्र जारी करने की मंगलवार को अनुमति दे दी है।अब महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या की स्थापना के संबंध में उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2025 को प्रख्यापित कर इसका संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। अयोध्या में कुल 20.2569 एकड़ भूमि पर इसका निर्माण किया जा रहा है। वहीं मथुरा में निजी क्षेत्र भक्ति वेदान्त विश्वविद्यालय की स्थापना की भी अनुमति दी गई है। प्रायोजक संस्था इस्कान को उच्च शिक्षा विभाग आशय पत्र जारी करेगा। विश्वविद्यालय का निर्माण मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण, मथुरा के छाता विकासखंड के ग्राम में 50.8870 एकड़ भूमि पर इसका निर्माण किया जाएगा। आशय पत्र जारी होते ही प्रायोजक संस्था विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य शुरू करेंगे।