गोंडा। एसआइआर में मतदाताओं की संख्या घटने के साथ ही मतदेय स्थल (बूथ) भी कम हो गए हैं। एसआइआर के पहले जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में 2978 मतदेय स्थल थे। अधिकतम 1200 मतदाताओं पर नए सिरे से मतदेय स्थलों का निर्धारण किया गया है। ऐसे में 99 मतदेय स्थल कम हो गए हैं।
विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दस अप्रैल को किया गया था। एसआइआर के पहले जिले में एसआइआर के पहले मतदाताओं की संख्या 25.52 लाख थी, जो अंतिम प्रकाशन के बाद घटकर 22.15 लाख हो गई है। 1675 मतदान केंद्रों पर 2978 मतदेय स्थल थे।
मतदाताओं की संख्या घटने के बाद जिले में चार मतदान केंद्र और 99 बूथ कम हो गए हैं। सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों व मतदान केंद्रों की आलेख्य सूची प्रकाशित करके दावा/आपत्ति मांगी गई थी। दावा/आपत्तियों का निस्तारण करके मतदान केंद्र व बूथ की सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी दी गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मो. रजी ने बताया कि जिले में 04 मतदान केंद्र व 99 बूथ कम हुए हैं। सूचना आयोग को भेजी गई है।