विजयादशमी पर रेल सेवा का विस्तार, आजादी के बाद पहली बार रावघाट में खुशियों का सफर, सीएम साय देंगे सौगात।


         रायपुर: भारतीय रेल द्वारा देश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर अहम कदम उठाया जा रहा है. यात्री सुविधाओं में वृद्धि और आधुनिक रेल संरचना के विकास की दिशा में विजयादशमी का दिन अहम साबित होने जा रहा है। 20 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ में 2 महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा. इस मौके पर आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी, जो दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
        कार्यक्रम के दौरान ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन एवं अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा. इसके साथ ही रावघाट- रायपुर एवं रायपुर- कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा।
        आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक ट्रेन का संचालन होगा. दल्लीराजहरा एवं रावघाट के मध्य 1,628 करोड़ रुपए की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो गया है. ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही इस परियोजना का कार्य पूर्ण हुआ है. रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को रेल परिवहन की सुविधा मिलेगी. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों तक उनकी पहुंच आसान होगी।

इस रेल लाइन से क्षेत्र की औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा. विशेष रूप से रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में रेल संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने