बलरामपुर में 29 दुकानों पर मारा छापा, तीन के लाइसेंस सस्‍पेंड; ल‍िए गए 23 सैंपल

        बलरामपुर। किसानों को गुणवत्ता वाले रबी फसलों के बीज मुहैया कराने के लिए जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने टीम गठित करके छापेमारी कराई। गेहूं, मसूर, चना, जौ, सरसों, अलसी, लाही, मटर व अन्य रबी फसलों के बीज की गुणवत्ता में कमी होने की आशंका पर 12 दुकानदारों से जवाब तलब किया गया है। तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। छापेमारी के दौरान टीम ने दुकानों से बीज के 23 नमूने संकलित किया है।
     संकलित बीज नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट में कमियां मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सभी दुकानदारों को अच्छे गुणवत्ता वाले बीज की बिक्री करने की हिदायत दी गई है। बीज के नमूने संकलित करने, गुणवत्ता जांच करने, लाइसेंस की वैधता जांच करने, स्टाक, रेट बोर्ड व अभिलेखों की जांच करने, सभी किसानों को उचित दर पर बीज उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर नियंत्रण करने, दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और विक्रय प्रमाण पत्रों को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी ने तीनों तहसीलों में दो सदस्यों वाली एक-एक टीम गठित की है।

        सदर तहसील में तहसीलदार के साथ जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, तुलसीपुर तहसील में तहसीलदार के साथ उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डा. सूबेदार यादव व उतरौला तहसील में तहसीलदार के साथ अपर जिला कृषि अधिकारी राकेश पांडेय को बीज की गुणवत्ता जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने