बाराबंकी से छपरा तक तीसरी रेलवे लाइन का सर्वे शुरू

      बाराबंकी। ट्रेनों की स्पीड व संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से बाराबंकी से गोरखपुर के रास्ते छपरा तक तीसरी रेलवे लाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए रूट पर सर्वे कार्य शुरू करने के साथ ही डीपीआर भी तैयार हो चुका है। लोकसभा चुनाव के बाद ट्रैक बिछाने का काम रफ्तार पकड़ेगा। इससे लखनऊ से गोरखपुर व बिहार तक सीधे ट्रेनों के फर्राटा भरने से यात्रियों का सफर भी सुहाना व आरामदायक बनेगा।
       बाराबंकी से छपरा रेलवे मार्ग करीब 425 किमी लंबा है। अयोध्या, गोरखपुर आदि के रास्ते बिहार के छपरा तक जाने वाले इस मार्ग पर 150 से अधिक ट्रेनें संचालित होती हैं। इसमें लाखों यात्री सफर करते हैं। बीते दिनों इस ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन यात्रियों की संख्या देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की जरूरत महसूस हो रही है। इसके लिए ही तीसरी रेलवे लाइन बिछाने का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
       पूर्वाेत्तर रेलवे से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे नई सरकार गठित होने के बाद पहले 100 दिन के कार्यों की योजना बना रहा है। इसी में बाराबंकी से छपरा तक तीसरी लाइन का डीपीआर भी शामिल हैं। तीसरी लाइन बिछने से यात्री गाड़ी के साथ ही माल गाड़ी के संचालन को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। गाड़ियों को क्रास कराने के लिए रोकना नहीं पड़ेगा। इससे बिहार से बाराबंकी, लखनऊ व दिल्ली तक का सफर सुखद व आसान बन सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने