रायबरेली। परिवहन निगम के डिपो में संचालित 173 बसों के संचालन को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। डिपो से विभिन्न मार्गों पर प्रतिदिन बसें रवाना होती हैं। अब निर्देश जारी किए गए हैं कि प्रत्येक बस अपने गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले बस स्टेशन परिसर में ही बैठे सभी यात्रियों का टिकट बनाया जाए।
बस स्टेशन से निकलने के बाद मार्ग में टिकट बनाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। अब चालक-परिचालक को बस प्रस्थान से पूर्व टिकट वितरण की प्रक्रिया पूरी कर उसे विभागीय रिकॉर्ड में भी दर्ज करना अनिवार्य होगा। टिकट विवरण ऑनलाइन अंकित किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई बस बिना टिकट बनाए स्टेशन से रवाना होती पाई गई और जांच के दौरान पकड़ी गई तो संबंधित परिचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें स्पष्टीकरण, वेतन कटौती अथवा अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय का कहना है कि इस व्यवस्था से राजस्व पारदर्शिता बढ़ेगी, अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और यात्रियों को भी समय पर टिकट सुविधा मिल सकेगी।
Tags
UP परिवहन निगम