गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग प्वाइंट के लिए कोनी और बसंतपुर खास में मिली भूमि खारिज करने के बाद गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने फिर से जमीन की तलाश तेज कर दी है। लिमिटेड ने जगदीशपुर के पास कोनी में एक और जमीन खोज ली है।
अधिकारियों ने लगभग चार एकड़ से अधिक भूमि का सर्वे करने के बाद सहमति जता दी है। जल्द ही नगर निगम व जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। प्रस्ताव पर सहमति बनते ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने नगर निगम की ओर से कोनी और बसंतपुर खास में उपलब्ध कराई गई भूमि को अनुपयुक्त मानते हुए खारिज कर दिया है। काफी ज्यादा गड्ढे वाली भूमि होने की वजह से बसंतपुर खास की भूमि और ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने की वजह से कोनी की भूमि खारिज की गई है।
दोनों स्थानों की जमीन मिलाकर करीब 4.75 एकड़ उपलब्ध कराई गई थी, जबकि नई व्यवस्था के लिए कुल आठ एकड़ एकमुश्त जमीन की जरूरत है। प्रदेश में 18 शहरों के लिए कुल 1725 इलेक्ट्रिक बसों की योजना है।
गोरखपुर के हिस्से में 150 बसें प्रस्तावित हैं। बसों के संचालन से पहले चार्जिंग प्वाइंट और डिपो तैयार करना जरूरी है। इसी क्रम में भूमि की तलाश की जा रही है।