कौशांबी। विकास खंड कौशांबी के चक गुलाम आलम से चित्रकूट जिले के तारी मुस्तकिल तक यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल लगभग पूरा हो गया है। अब गर्डर खोलने का काम चल रहा है। इसके बाद एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। एप्रोच मार्ग के बनने के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह से पुल से आवागमन शुरू हो जाने की संभावना है। इससे चित्रकूट की दूरी भी करीब 20 से 25 किमी. कम हो जाने की उम्मीद है।
चक गुलाम आलम में यमुना पर टू-लेन पुल का निर्माण सेतु निगम ने वर्ष 2021 में शुरू कराया था। लगभग 970 मीटर लंबे इस पुल की अनुमानित लागत करीब 115 करोड़ रुपये थी। इस पुल के निर्माण को पूरा होने का लक्ष्य पहले सितंबर 2025 रखा गया था।
हालांकि, बीच में बजट की अड़चन के कारण काम विलंबित हुआ। इसके लिए कार्यदायी संस्था ने समय बढ़ाने की मांग शासन स्तर से की थी। बाद में समय बढ़ाकर मार्च, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था और फिर सितंबर में पूरा होने की बात कही गई थी।
इस संबंध में डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी सिंह के अनुसार पुल का निर्माण पूरा हो गया है। गर्डर खोलने का काम चल रहा है। अप्रोच मार्ग बन जाने पर दिसंबर तक पुल से आवागमन शुरू हो जाने की संभावना है।