पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन में मौसम बदल सकता है। पुरवा हवा यह संकेत दे रही है। क्रिसमस पर बादल छा सकते हैं। वे 28 दिसंबर को वाराणसी में बूंदाबादी भी करा सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस हफ्ते अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर ने इस हफ्ते भी मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मौजूदा मौसम की तासीर के मुताबिक आधी रात से भोर के बीच ठंड का जोर दिख रहा है जबकि सूरज चढ़ने के साथ वातावरण से ठंड गायब भी हो जा रही है। दिन में पुरवा के चलते अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अफगानिस्तान, पश्चिमी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वी यूपी पर आंशिक असर होगा। इसके कारण बुधवार से पूर्वी यूपी के आसमान में हल्के बादल छाएंगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इससे बुधवार से शनिवार तक मौसम बदलेगा। आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी रहेगी। ठंडी हवाएं चलेगी। सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली होगी। इसके कारण दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। हालांकि बादलों की मौजूदगी से रात के तापमान में जरूर उछाल होगा।