अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के अनुपालन में एवं जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फैजाबाद संजीव फौजदार के दिशा निर्देशन में आज दिनांक 2 अक्टूबर 2022 को वृद्ध आश्रम मणि पर्वत अयोध्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फैजाबाद द्वारा खादी ग्राम उद्योग एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से वृद्धजनों के हित में एक नए प्रोजेक्ट नव ऊर्जा का उद्घाटन सदस्य सचिव उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण संजय सिंह उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के विशेष कार्यकारी अधिकारी भागीरथ वर्मा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फैजाबाद द्वारा किया गया।
इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को उनके परिवार से मिलाए जाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फैजाबाद द्वारा उनके परिवार जनों को बुलाकर मध्यस्थता कराया जा रहा है, जिससे जो वृद्ध, वृद्ध आश्रम में निवासी हैं, वह अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी रह सके।
इसी अनुक्रम में सदस्य सचिव उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण संजय सिंह द्वारा पीएलवी ट्रैकर एप का उद्घाटन किया गया है जिसके माध्यम से समस्त पीएलवी अपने कार्य को पारदर्शी तरीके से कर सकते हैं एवं जन सामान्य इस ऐप के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उक्त कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम चंद्रशिला, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव संजय सिंह, विशेष कार्य अधिकारी भागीरथ वर्मा, उप सचिव संजय सिंह द्वितीय, उपसचिव निश्चल वर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रिचा वर्मा, सदस्य मध्यस्थ केंद्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वृद्ध आश्रम के प्रदुमन मिश्रा, अमरीश मिश्रा, माधुरी मौर्य एवं समाज कल्याण अधिकारी रणविजय सिंह व खादी ग्राम उद्योग के अधिकारी अशोक कुमार शर्मा उपस्थित हुए।