अयोध्या। रामनगरी में टेंट सिटी बसाए जाने का काम शुरू हो गया है। शहर की पहली टेंट सिटी ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के बगल बनाया जा रहा है। लक्ष्य है कि श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पहले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था कर ली जाए। इस टेंट सिटी का निर्माण गुजरात की एक कंपनी से कराया जा रहा है।
ब्रह्मकुंड के पास बनाई जा रही टेंट सिटी में श्रमिक स्ट्रक्चर तैयार करने में लगे हैं। बताया जा रहा है कि इस टेंट सिटी में 50 से अधिक वातानुकूलित टेंट के घर बनाए जाएंगे। इसमें शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। टेंट सिटी में रसोई भी होगी जिससे धार्मिक पर्यटकों को लजीज व्यंजन उपलब्ध हो सके।
बताया गया कि टेंट सिटी का निर्माण गुजरात की कवच नामक कंपनी कर रही है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने इसी कंपनी को इसके लिए काम दिया है।जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने बताया कि अयोध्या आने वाले पर्यटकों को ठहरने और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए टेंट कॉलोनी बनाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही अयोध्या में यात्रियों के लिए पेइंग गेस्ट हाउस की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।