लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट बसों का मंथली सीजन टिकट (एमएसटी) सस्‍ता हो गया है।

        लखनऊ:  नए दर निर्धारण के अनुसार 36 फेरों का किराया देकर पूरे महीने यात्रा कर सकते हैं। पहले पूरे महीने सफर करने के लिए 48 फेरों का किराया लिया जाता था। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के एमडी आर.के. त्रिपाठी ने बताया कि एमएसटी की दरों का निर्धारण इलेक्ट्रिक बसों के किराये के आधार पर लिया गया है। 
        सामान्‍य श्रेणी के यात्रियों को 36 और स्‍टूडेंट्स को 32 ट्रिप का किराया देना है। ये लोग अपने रूट पर साधारण सिटी बस या इलेक्ट्रिक बस से अनलिमिटेड सफर कर सकते हैं। रूट के हिसाब से समझें तो चारबाग से इंजीनियरिंग कॉलेज की एमएसटी सामान्‍य श्रेणी में 1080 रुपये में बनेगी जबकि पहले इसके लिए 1440 रुपये देने पड़ते थे। इस प्रकार अब 360 रुपये कम देने होंगे। सिटी ट्रांसपोर्ट के निदेशक मंडल की बैठक में मंडलायुक्‍त डॉ रोशन जैकब की अध्‍यक्षता में कई निर्णयों पर मुहर लग गई है। अब दुर्घटना के मृतक प्रकरणों में 10 लाख रुपये तक लंबित प्रकरण लोक अदालतों के जरिये सुलझाए जा सकेंगे। पहले पांच लाख रुपये तक के प्रकरणों का ही अधिकार था। इसके अलावा बेकार बसों को नीलाम किए जाने, अच्‍छी योजना का लाभ दिए जाने समेत कई फैसले लिए गए। यूपी वन कार्ड पर 10 फीसदी की छूट दी जाएगी। हर शनिवार और रविवार को लखनऊ दर्शन के नाम पर इलेक्ट्रिक एसी बसों से रविंद्रालय, रेजीडेंसी, शहीद स्‍मारक, नक्षत्रशाला, बारादारी, हाथी पार्क, गौतम बुद्ध पार्क, इमामबाड़ा, रूमी गेट और पिक्‍चर गैलरी समेत अन्‍य पर्यटक स्‍थलों को घुमाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने